मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए जिला प्रशासन हर संभव प्रयास कर रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद न केवल निजी कॉलेजों, बल्कि सहायता प्राप्त व राजकीय कॉलेजों में भी अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाए हैं। पूर्व में केवल 57 निजी कॉलेजों पर ही अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक लगाने की व्यवस्था की गई थी।
सात फरवरी से शुरू होने वाली यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए स्वयं जिलाधिकारी प्रदीप कुमार निगरानी कर रहे हैं।
जिले में हाईस्कूल के 36740 और इंटरमीडिएट के 33121 परीक्षार्थियों के लिए कुल 101 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इसमें पांच राजकीय, 39 सहायता प्राप्त और 57 निजी कॉलेज शामिल हैं।
पूर्व में जिला विद्यालय निरीक्षक ने केवल 57 निजी कॉलेजों पर ही अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक तैनात करने का निर्णय लिया था। डीएम प्रदीप कुमार ने डीआईओएस को इस संबंध में निर्देश दिए कि केवल राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी को छोड़कर सभी राजकीय, सहायता प्राप्त व निजी कॉलेजों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की जाए।
इसके बाद डीआईओएस ने जिले के कुल 101 परीक्षा केंद्रों में से 100 पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की तैनाती की है।
यूपी बोर्ड परीक्षा की निगरानी के लिए जिले में 29 की जगह अब 24 सेक्टर निर्धारित किए हैं। सभी सेक्टरों ने जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति कर दी है। जिलाधिकारी ने सभी सेक्टर प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परीक्षा की तैयारियों का पहले से ही निगरानी रखें।
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्रों पर भेज दिए हैं। एसपी अजय शंकर राय ने कहा कि थानाध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि वे परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए क्षेत्रीय पुलिसबल को निर्देशित करें।
रात के समय यहां पुलिस का भ्रमण जारी रहे। वहीं उन्होंने कहा कि केंद्र व्यवस्थापक क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को इसकी जानकारी भी दें।