फिरोजाबाद। चोरों ने जनपद न्यायालय के कोर्ट मैनेजर के आवास, निजी स्कूल एवं सहकारी समिति के ताले चटका दिए। कोर्ट मैनेजर के आवास से हजारों रुपये कीमती इलेक्ट्रोनिक सामान, चांदी के बर्तन एवं निजी स्कूल से हजारों की नकदी उड़ा दी। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी है।
राजपाल सिंह जनपद न्यायालय में कोर्ट मैनेजर हैं। राजपाल सिंह सुहागनगर सेक्टर तीन स्थित सरकारी आवास में रह रहे हैं। जानकारी के अनुसार राजपाल सिंह परिजनों सहित 20 जनवरी को आगरा गए थे। मंगलवार रात पौने दस बजे अपने आवास पर लौटे। घर की बिजली कटी हुई थी। किसी तरह घर में दाखिल हुए। अंदर का दृश्य देख राजपाल हैरान रहे गए।
आवास के पीछे वाली साइट में बने एक कमरे का जंगला कटा हुआ तथा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। राजपाल सिंह के अनुसार चोरों ने घर में रखा एक लैपटॉप, पैन ड्राइव, निकोन कैमरा, टाइमक्स की घड़ी एवं चांदी के बर्तन साफ कर दिए। जिनकी कीमत हजारों रुपये बताई गई है।
कोर्ट मैनेजर के घर में इससे पूर्व 28 अक्तूबर को भी चोरी की हुई थी। सूचना पर थाना पुलिस एवं डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। और मामले की पड़ताल की। अन्य वारदात में थाना मटेसना क्षेत्रांर्गत चोरों ने साधन सहकारी समिति आनंदीपुर करकौली के कार्यालय के ताले चटका दिए।
लेकिन चोर वहां से कुछ नहीं ले जा सके। चोरों ने समिति कार्यालय के नजदीक भगवान सिंह-कमलादेवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कार्यालय में रखीं अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी लगभग साढे़ आठ हजार रुपये की नगदी साफ कर दी।
कॉलेज प्रबंधक जोगेंद्र सिंह निवासी करकौली ने थाना पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।