एटा। ट्यूलिप सीनियर सेकेंडरी स्कूल सीबीएसई का चौथा परीक्षा केंद्र होगा। केंद्रीय बोर्ड ने नया परीक्षा केंद्र नामित कर यहां चार से अधिक विद्यालयों के 848 परीक्षार्थी आवंटित कर दिए हैं। इनमें हाईस्कूल के 474 व इंटर के 374 परीक्षार्थी शामिल हैं।
जिले को चौथा सीबीएसई परीक्षा केंद्र मिल गया है। संभावित केंद्र को लेकर अमर उजाला द्वारा छापी गई खबर सच साबित हुई। तेजी से बढ़ रहे स्कूल व परीक्षार्थियों के चलते तीन परीक्षा केंद्र कम पड़ रहे थे। बोर्ड द्वारा कराए गए सर्वे के बाद नए केंद्र की उम्मीद बढ़ गई थी। गुरुवार को बोर्ड ने ट्यूलिप को चौथा परीक्षा केंद्र एवं यहां 848 परीक्षार्थियों का आवंटन भी जारी कर दिया। सिटी कोआर्डिनेटर डॉ राम मोहन ने पुष्टि करते हुए बताया कि आसिसी कान्वेंट स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एसबी पब्लिक स्कूल के अलावा जिले का चौथा परीक्षा केंद्र ट्यूलिप सीनियर सेकेंडरी स्कूल होगा। जिले में संचालित 18 हाईस्कूल एवं 16 इंटरमीडिएट संस्थाओं में इस वर्ष 3400 से अधिक बोर्ड परीक्षार्थी हैं।