राया (मथुरा)। थाना राया के बाहर खड़ी रोडवेज बस में आग लगाने वाला युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आगरा-मथुरा मार्ग पर कोयल फाटक के पास कार टकराने वाले युवक के रिश्तेदार ने अपने साथियों के साथ बस में आग लगाने की घटना का अंजाम दिया। आग लगाने के लिए 150 रुपये का पेट्रोल लिया था। बस चालक ने मारपीट और बस जलाने का मुकदमा दर्ज कराया था।
रविवार की रात थाना राया के बाहर खड़ी राजस्थान रोडवेज की बस अचानक जलने लगी तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया था। पुलिस ने कार से टकराई बस को थाने पर खड़ा कर लिया था। उसके बाद ही बस में आग लग गई थी। राया पुलिस ने आग लगने की जांच की तो पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज से साफ हो गया।
थाना प्रभारी हरवेंद्र मिश्रा ने बताया कि सुरीर के गांव बिधौंनी निवासी श्यामसुंदर को पकड़ लिया गया है। यह पेट्रोल पंप से 150 रुपये की बोतल में पेट्रोल भरकर लाया था। पकड़ा गया श्यामसुंदर कार चालक सुमित का रिश्तेदार है। बस चालक वीरेंद्र सिंह ने ललित, अंकित, सुमित निवासी नगला भीमा राया के खिलाफ मारपीट करते हुए बस जलाने का मुकदमा थाना राया में दर्ज कराया है।