वृंदावन। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत रविवार की सुबह प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम की टीम ने वृंदावन में सफाई अभियान चलाया। इस दौरान विद्यापीठ चौराहे से लेकर जुगलघाट होते हुए परिक्रमा मार्ग तक सफाई की गई।
डीएम सर्वज्ञराम मिश्र और एसएसपी बबलू कुमार के नेतृत्व में डॉ. मुकेश आर्य बंधु आदि नगर निगम कर्मचारियों ने हाथ में झाडू़ लेकर बांकेबिहारी मंदिर मार्ग पर सफाई अभियान का शुभारंभ किया। ट्रेनिंग ले रहे लगभग 250 पुलिसकर्मियों ने भी इस सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
जैसे-जैसे अधिकारी आगे बढ़ते गए सफाई अभियान में तेजी आती गई। डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने रास्ते में दुकानदारों को कूड़ा न फैलाने तथा गंदगी न करने की अपील भी की। नगर आयुक्त समीर वर्मा के निर्देशन में अस्थाई अतिक्रमण भी हटाए गए। एसडीएम क्रांतिशेखर सिंह, नगर निगम के उपायुक्त सतेंद्र तिवारी, पार्षद वैभव अग्रवाल, ब्रजमोहन विजय, श्रीगोपाल वशिष्ठ, अवधेश यादव आदि उपस्थित रहे।