फिरोजाबाद। ओमनगर निवासी शिशुपाल नामक व्यक्ति से लाइनमेन ने कनेक्शन के नाम पर अवैध वसूली की इसके बावजूद एक माह में भी कनेक्शन चालू नहीं हो सका। पीड़ित की शिकायत पर सोमवार को भाजपा नेताओं ने आसफाबाद सबस्टेशन का घेराव किया।
ओमनगर निवासी शिशुपाल ने एक माह पहले विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया गया। लाइनमैन पंकज ने कनेक्शन के 1800 की जगह 2800 रुपये वसूलने के बाद बिना किसी अधिकारी के जांच रिपोर्ट के कनेक्शन जारी कर दिया। इसके बावजूद 20 दिन में कनेक्शन चालू नहीं हो सका। शिकायत पर ठेकेदार से मीटर भी लगवा दिया। मीटर लगाने वाले ठेकेदार जितेंद्र जैन ने भी उपभोक्ता से वसूली की लेकिन कनेक्शन नहीं जोड़ा। पीड़ित उपभोक्ता ने महानगर अध्यक्ष कन्हैयालाल गुप्ता से शिकायत की। भाजपा नेता एकत्रित होकर आसफाबाद सबस्टेशन पहुंचे।
उन्होंने पूरे मामले में दोषी लाइनमैन पंकज और मीटर लगाने वाले ठेकेदार जितेंद्र जैन के खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग की। एसडीओ सचिन गुप्ता ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मौके पर शिवमोहन श्रोती, श्रीनिवास शर्मा, सुरेंद्र राठौर, अंकित तिवारी, संजय मिश्रा, राधेश्याम यादव, सोबरन सिंह, विनोद राठौर, राकेश श्रीवास्तव मौजूद थे। बताते हैं लाइनमैन दिन में ही शराब के नशे में धुत्त था। भाजपा नेताओं ने अवैध वसूली के मामले में उसके सामने बुलाया तो जवाब तक नहीं दे पा रहा था।