मांट (मथुरा)। खुर्रम माइनर की पटरी एक बार फिर टूट गई। इससे सैकड़ों बीघा गेहूं, आलू व लाहा की फसल जलमग्न हो गई। सिंचाई विभाग के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा बेचारे किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
मांट ब्रांच गंग नहर से निकली खुर्रम माइनर शनिवार को फिर से ओवरफ्लो हो गई, इससे पटरी टूट गई। गांव नगला केहरिया, उमरारा एवं हुलासी गढ़ी, नगला बरी, नया नगला आदि गांवों के किसानों के खेतों में पानी भर गया। पटरी टूटने से रतन सिंह, जयपाल सिंह, जवाहर, साहब सिंह, अमर सिंह, काली चरण सहित अन्य दर्जनों किसानों की फसलें जलमग्न हो गई।
रविवार को प्रात: जब किसान खेतों की ओर गए तो पानी भरा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जेसीबी की मदद से टूटी पटरी को बमुश्किल दुरुस्त कराया गया। पीड़ित किसानों ने डीएम से मुआवजा दिलाने की मांग की है।