कासगंज। एटा लोकसभा क्षेत्र के निर्वाचन के लिए जिले की पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा खाका खींचा है। इसके लिए एस-10 एप बनाकर हर ग्राम पंचायत और निकाय क्षेत्र को जोड़ा गया है। महत्वपूर्ण लोगों के नाम, नंबर होने के कारण एप से पुलिस अधिकारी कॉल करके मतदान से पहले गांव और निकाय क्षेत्रों का माहौल परख रहे हैं।
एस-10 एप पूरी तरह से तैयार है। इसकी फीस भी पुलिस ने जमा कर दी है। पुलिस अफसरों का मानना है कि एप से उनके पास पूरे जिले की सूचना रहेगी। किसी भी क्षेत्र से गड़बड़ी की सूचना एप से पुलिस को तत्काल मिल जाएगी। यदि कोई अफवाह भी फैलती है तो इसकी चंद मिनटों में पुष्टि हो सकती है। इससे चुनावी माहौल खराब नहीं होगा। एस-10 ग्रुप से जुड़े लोगों को भी पूरी तरह समझाया है कि वह कोई भी सूचना पुलिस अधिकारियों को साझा करें।
तैयार कराई सहयोगियों की मार्गदर्शिका
कासगंज। ऐसा नहीं कि पुलिस मोबाइल एप पर ही सहयोगियों से जुड़ी हुई हो अपितु पुलिस ने सहयोगियों के संपर्क सूत्रों के लिए मार्गदर्शिका भी तैयार कराई है। मार्गदर्शिका सभी अधिकारियों को उपलब्ध कराई गई है।
आंकड़े की नजर से-
- 423 ग्राम पंचायतों से जोड़े गए हैं 4230 सभ्रांत लोग।
- 10 निकायों से मोहल्लेवार जोड़े गए हैं नागरिक।
- एस-10 एप चुनाव में काफी कारगर साबित हो रहा है। इस एप से प्रत्येक ग्राम पंचायत से 10 लोग और शहरों से मोहल्लेवार लोग जोड़े गए हैं। प्रतिदिन किसी न किसी सहयोगी से बात कर गांव का हाल पता कर रहे हैं।
- अशोक कुमार शुक्ल, एसपी।