मैनपुरी। नवरात्र के आठवें दिन शनिवार को दुर्गा अष्टमी का पर्व मनाया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता महागौरी की पूजा-अर्चना कर परिवार की कुशलता मांगी। इस दौरान लोगों ने माता को मिष्ठान्न का भोग लगाया।
नवरात्र पर सुबह पांच बजे से ही भक्तों ने माता के मंदिर में पहुंचना शुरू कर दिया था। नगर के शीतला देवी मंदिर, महाकाली, दुर्गा मंदिर आदि के साथ ही जिले भर के माता मंदिरों में भक्तों की भीड़ जमा रही। भक्तों ने माता की आरती उतार पूजन किया। जिले भर में माता के मंदिरों में भक्तों ने जयकारे लगाते हुए नृत्य प्रस्तुत किया।
मैनपुरी। नवरात्र की अष्टमी को शीतला माता के मंदिर में सर्वाधिक भीड़ पहुंची। यहां सुबह से लेकर देर रात तक 500 से अधिक नेजे चढ़ाए गए। माता के मंदिर में पुलिस को सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम करने पड़े। नवरात्र की अष्टमी को जिले भर में भक्तों ने भंडारे तथा शर्बत आदि के स्टॉल लगाकर लोगों की सेवा करते हुए दान पुण्य किया। नगर के आगरा रोड, करहल रोड, कचहरी रोड, स्टेशन रोड, शीतला धाम आदि स्थानों पर आयोजित भंडारों में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
रेलवे स्टेशन पर आयोजित भंडारे में सुबोध कुमार, पंकज, अंशू, कन्हैया, सोमू, दीपू आदि लोग मौजूद रहे। वहीं, सिंचाई विभाग व ठेकेदारों को सौजन्य से शीतला धाम के निकट कुरावली रोड पर आयोजित भंडारे में राजीव कुमार, यशवंत सिंह, रितिक कुमार, महावीर सिंह, सुनील कुमार, हाकिम सिंह, नरेंद्र सिंह, अनिरुद्ध माथुर, निशांत कुमार, रघुवंश, संजय सिंह, अनुराग, रोहित कुमार आदि लोग मौजूद रहे।