मैनपुरी-किशनी। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र के कई गांवों में तीन दिन से बिजली नहीं आई है। गर्मी का मौसम होने के कारण उनकी रात जागकर कट रही है। गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। बुधवार शाम कोंडर में फाल्ट होने से बिजली चली गई थी। इसके चलते अरसारा फीडर के गांव कोंडर, दादीपुर और नगला दूंदे समेत कई गांवों में आपूर्ति नहीं हो रही है।
लोगों को उम्मीद थी कि गुरुवार तक बिजली ठीक हो जाएगी, लेकिन जब तीन दिन में भी बिजली सही नहीं हो सकी, तो उनके सब्र का बांध टूट गया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइनमैन जान बूझकर फाल्ट सही नहीं करते हैं। वे रुपये मांगते हैं, रुपये न देने पर वे लाइन सही नहीं करते हैं। तीन दिन से बिजली न आने से लोगों को मुश्किल हो रही है।
गर्मी के मौसम में लोग जागकर रात काटने के लिए मजबूर हैं। प्रदर्शन करने वालों में विनोद कुमार, गौरव यादव, सुदेश यादव, अंकित यादव, अर्पित यादव, राजेंद्र सिंह, सर्वेश कुमार, सतीश चंद्र, कौशल यादव, सुधीर यादव, अजीत यादव, प्रमोद कुमार आदि शामिल हैं। वहीं अवर अभियंता गिरिप्रसाद का कहना है कि फीडर पर मशीन खराब होने के चलते बिजली बाधित थी। जल्द ही आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।