कासगंज। जिले में सरकारी नलकूपों की स्थिति बदहाल है। कहीं नलकूपों के उपकरण गायब हैं तो कहीं लाइनें चौक पड़ी हैं, जिससे किसानों को सिंचाई के संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्या को नलकूप विभाग गंभीर नहीं हैै।
जनपद में 403 शासकीय नलकूप स्थापित हैं। ताकि किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सके, लेकिन विभाग नलकूपों के रखरखाव पर ध्यान नहीं देता। विभाग की नजर में भले ही 29 नलकूप यांत्रिक या बिजली दोष या अन्य कारणों से बंद पड़े हों, लेकिन हकीकत ठीक इसके विपरीत है। 80 प्रतिशत नलकूपों की स्थिति काफी दयनीय है। इन नलकूपों में नलकूपों पर स्टार्टर, वोल्ट मीटर, एम्पीयर मीटर, इंटरलॉक, टीपी स्विच आदि महत्वपूर्ण उपकरण गायब हैं। केवल जुगाड़ के सहारे ही इन नलकूपों का संचालन होता है। अधिकांश नलकूपों की पाइप लाइनें चौक पड़ी हैं, जिससे किसानों को इनका लाभ नहीं मिल पाता। इस समय रवी की फसल का सीजन चल रहा है। खेतों में गेहूं, मटर, आलू आदि की फसल का सीजन चल रहा है। नलकूपों के खराब होने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट है, लेकिन विभागीय अधिकारियों को इससे कोई लेना देना नहीं हैं।
दो गांवों के आठ नलकूप हैं खराब
पटियाली। किसानों ने क्षेत्र में इस समय गेहूं, तंबाकू लहसन आदि की फसलें उगाई है, लेकिन किसान के सामने सिंचाई का संकट है। ग्राम पंचायत राजा रिजोला में नलकूप संख्या पीजी 10, 11,13 व रानीदामर नलकूप संख्या पीजी179, 180,7, 6व 80 खराब पड़े हें जिसकी वजह से किसानों की फसलें सूख रहीं हैं। किसान खराब नलकूपों की शिकयत कई बार विभागीय अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का आज तक समाधान नहीं हो सका है। किसान रिंकू गौर, शाकिर खान, विक्रम राणा, चंद्रशेखर, शराफत अली, सूरज, बलवीर सिंह, जोगराज, चंद्रभान सिंह, देवेंद्र मिश्रा आदि ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से खराब नलकूप सही कराने की मांग की है।
नलकूपों की मरम्मत के नाम पर होता है खेल
कासगंज। जनपद में नलकूपों की मरम्मत के नाम पर जमकर खेल होता है। शासन से नलकूपों की मरम्मत के लिए 20 हजार रुपये दिए जाते हैं, लेकिन इन रुपयों से नलकूप की मरम्मत नहीं की जाती। खराब होने वाले उपकरणों को बदला नहीं जाता। जुगाड़ करके काम चलाया जाता है।
जनपद में खराब नलकूपों की स्थिति
फेल 14
यांत्रिक दोष से खराब 4
बिजली दोष से खराब 11
गांव में काफी समय से नलकूप खराब पड़े हैं। जिससे किसानों को सिंचाई की समस्या का सामना करना पड़ रहा है-अनूप सिंह किसान राजा रिजौला
नलकूप के खराब होने की शिकायत कई बार की जा चुकी है,लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है-रिंकू गौर किसान नगला अब्दला
फेल हो चुके नलकूपों के स्थान पर नए नलकूप स्थापित कराने के लिए शासन को डिमांड भेजी जा चुकी है। जो नलकूप अन्य कारणों से खराब हैं उनको भी जल्द ठीक कराया जाएगा- सतीश कुमार अधिशासी अभियंता नलकूप