फिरोजाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से मंगलवार को आयोजित की गई पुलिस की पाठशाला में छात्राओं ने आत्मनिर्भर बनने के साथ महिला सुरक्षा को लेकर बनाए कानूनों के बारे में जाना। छात्राओं ने एसएसपी सचिंद्र पटेल से छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, यातायात और पुलिस महकमे के भ्रष्टाचार आदि पर सवाल किए। एसएसपी ने उन्हें इमरजेंसी में डायल-100 और 1090 को याद रखने की सलाह दी। डेढ़ घंटे तक चली पाठशाला में एसएसपी ने सवा घंटे तक छात्राओं के सवालों के जवाब दिए।
अमर उजाला फाउंडेशन के बैनर तले पुलिस की पाठशाला का आयोजन पंडित मुरारी लाल शिक्षण संस्थान में किया गया। मुख्य अतिथि एसएसपी सचिंद्र पटेल पाठशाला के शिक्षक बने। एसएसपी ने कहा कि अगर आप किसी भी मुसीबत में हैं या कहीं जा रही हैं और रास्ते में एक्सीडेंट देखती हैं, तो डायल-100 पर कॉल करें। 10 से 15 मिनट में पुलिस आपके पास होगी। कहा कि छात्राओं को अब डरने की नहीं, बल्कि चुप्पी तोड़ने की जरूरत है।
अगर कोई पीछा करता है या फिर फोन पर परेशान करता है, तो 1090 पर काल करें। यह नंबर डायल के बाद छात्रा की टेंशन खत्म और पुलिस का काम शुरू हो जाएगा। बताया कि 1090 पर शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक नहीं किया जाता है। सलाह दी कि सोशल मीडिया पर अनजान से दोस्ती न करें। एसएसपी ने गुड टच और बेड टच के बारे में बताया। कोई किस भावना से आपको टच कर रहा है, इसका ध्यान रखें और गलत महसूस होने पर तुरंत माता-पिता को बताएं। डरें नहीं, आपकी जानकारी ही आपको आगे सुरक्षित कर सकती है और गलत मंसूबे रखने वालों को समय से सबक सिखाया जा सकता है।
छात्राओं को पाक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा की जानकारी भी दी। कालेज के मैनेजिंग डायरेक्टर मनोज गर्ग और प्रबंध समिति की पूर्णिमा गर्ग ने एसएसपी और महिला थाना प्रभारी ब्रह्मवती का स्मृति चिन्ह प्रदान किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।