कासगंज-सोरों मार्ग पर गंगा नहाकर लौट रहे बाइक सवार दंपत्ति की बाइक अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा घुसी। जिससे दंपत्ति घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट थीं और वे बेहोशी की स्थिति में था। तभी अचानक एसपी की गाड़ी निकली उन्होंने लहुलूहान घायल को सड़क पर पड़े देखा तो गाड़ी रुकवाकर तुरंत ही घायल को खुद व अपने हमराहों से उठवाकर बुलाई गई एंबूलेंस में शिफ्ट किया और चिकित्सालय भिजवाया। जहां से घायल की गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सकों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया।
यह दुर्घटना सोमवार को अपराह्न करीब ढाई बजे के आस पास हुई। जब बाइक सवार सच्चिदानंद माहेश्वरी निवासी पचौरियान गली सूत की मंडी कासगंज अपनी पत्नी राखी के साथ कछला गंगाघाट से गंगास्नान करके लौट रहे थे। तभी मामो के नजदीक सड़क किनारे खड़े ट्रक में बाइक अनियंतत्रित होकर जा घुसी। जिससे सच्चिदानंद के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। पत्नी के हाथ और पैरों में भी चोटें आ गईं। सच्चिदानंद मौके पर ही बेहोश हो गए। उसी समय पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने के लिए रवाना हुए थे। सड़क पर पड़े घायल को देखकर उन्होंने गाड़ी रोकी। तुरंत एंबूलेेंस कॉल की और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं अपने हमराहों के साथ बेहोशी की अवस्था में पड़े घायल बाइक सवार को जिला चिकित्सालयय भिजवाया और चिकित्सकों से चिकित्सा के संबंध में वार्ता की। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हैड इंजरी देखते हुए बाइक सवार को अलीगढ़ रेफर कर दिया।