गंगा के जलस्तर में बारिश होने के साथ ही जलस्तर में वृद्धि के संकेत मिलने लगे हैं। आगामी समय में जलस्तर और बढने पर कटान के हालात गंगा किनारे के संवेदनशील इलाकों में हो सकते हैं। ऐसी स्थिति को देखते हुए पटियाली के एसडीएम ने राजस्व टीम के साथ बांधों का निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग को बांधों की सुरक्षा और देखभाल के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए।
क्षेत्र के कादरगंज इलाके से जुड़े मेहोल गांव से लगे बांध की स्थिति अच्छी नहीं है। गतवर्ष ही इस इलाके में गंगा की धारा ने जमकर कटान किया। जिससे किसानों को क्षति का सामना करना पड़ा। जैसे तैसे कटान को रोका गया। इस बार फिर जलस्तर बढने पर कटान के हालात पैदा हो सकते हैं। इस समस्या को लेकर ग्रामीण काफी चिंतित हैं। ग्रामीण लगातार अधिकारियों से मिलकर बांध बनवाने की मांग उठा रहे हैं, लेकिन शासन से अभी तक बांध निर्माण के लिए मंजूरी नहीं मिली है। ऐसी स्थिति में प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है। पटियाली के एसडीएम धीरेंद्र सिंह, तहसीलदार तिमराज सिंह ने बांध के हालातों का जायजा लिया और क्षेत्र के किसानों से बातचीत की। एसडीएम ने बताया कि कटान की स्थिति अभी नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सिंचाई विभाग को संवेदनशील इलाकों में सतर्कता और निगरानी के निर्देश दिए हैं।