चौमुंहा (मथुरा)। रविवार की रात हुई तेज बारिश से जहां किसानों के चेहरे खिल उठे, वहीं एक स्कूल में पुराना नीम का पेड़ गिय गया। प्राइमरी स्कूल व एलएसएस भवन में बारिश का पानी भर गया। अस्पताल की बाउंड्री गिर गई।
कस्बे के मैन बाजार में स्थित प्राइमरी स्कूल प्रथम में रात में हुई तेज बारिश से पुराना नीम का पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि पेड़ रात में गिरा, यदि पेड़ दिन में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने के चलते स्कूल में शिक्षण कार्य नहीं हो सका। प्राइमरी पाठशाला नगला चमारान में बारिश का पानी भर जाने से बच्चे अपने घरों को लौट गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बाउंड्री गिर गई। इससे अस्पताल के अंदर आवारा पशु घुस रहे हैं। क्षेत्रीय सहकारी समिति व सहकारी संघ के भवन में पानी भर गया।
सहकारी समिति के सचिव प्रताप सिंह ने बताया कि हाईवे ऊंचा होने समिति के भवन में बारिश का पानी भर जाता है। कर्मचारियों को रात में बुला कर खाद व अन्य सामान सुरक्षित स्थान पर रखा।