फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। गुरुवार सुबह भांडरी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शव रेलवे ट्रैक से उठा कर परिजन घर ले आए। सूचना पर पहुंचे मृतका के पिता ने पति, सास और देवर पर पीट-पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हत्या अवैध संबंध के विरोध में की गई।
भांडरी निवासी मीना (35) पत्नी अशोक कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूचना पर मृतका के पिता पहुंचे। मृतका के पिता मुन्नालाल निवासी असरोही करहल मैनपुरी ने अपने धेवते से पूछताछ की और हत्या की वजह जानी। अपने नाना के साथ थाने आए मृतका के बड़े बेटा परशुराम ने बताया कि पड़ोस की आंटी से पिता के संबंध थे। उनके घर जाने से मम्मी उन्हें मना करती थी।
बुधवार शाम पापा, दादी और चाचा ने मम्मी को पीटा था। इसके बाद मम्मी बाहर चली गई, उसके बाद क्या हुआ कोई पता नहीं चला। मुन्नालाल का आरोप है कि अवैध संबंधों में बाधा बनने पर उसकी बेटी की हत्या कर दी। आरोप है कि इतना ही नहीं हत्या को हादसा में बदलने के लिए उक्त लोगों ने शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया, जिससे उसके हाथ-पैर कट गए। इसके बाद शव को उठा कर घर ले आए। पीड़ित पिता ने थाने में पति, सास और देवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।