मैनपुरी। एक व्यक्ति को गनर दिलाने की सिफारिश करना भाजपा नेता को महंगा पड़ गया। किसी बात को लेकर एसपी से बहस हो गई। इसके बाद अधिकारी के आदेश पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जानकारी होने के बाद पार्टी के नेता थाने पहुंच गए। बातचीत के एक घंटा बाद उन्हें थाने से छोड़ दिया गया।
भाजपा के आलीपुर खेड़ा निवासी एक नेता शुक्रवार को एक व्यक्ति को साथ लेकर गनर दिलाने के लिए एसपी राजेश एस के पास पहुंचे। वहां अधिकारी से बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर भाजपा नेता अधिकारी से उलझ गए। भाजपा नेता के तेवर देख एसपी का भी पारा चढ़ गया। उन्होंने तुरंत पुलिसकर्मियों को बुलाकर हिरासत में लेने के आदेश दिए।
भाजपा नेता को हिरातस में लेकर पुलिस कोतवाली पहुंच गई। उधर जानकारी होने के बाद पार्टी के नेता थाने पहुंच गए। इंस्पेक्टर से काफी देर तक कार्यालय में बातचीत होती रही। सूत्रों के मुताबिक मामला बड़े नेताओं तक पहुंचा तो निपटारे के प्रयास शुरू कर दिए गए। करीब एक घंटा बाद अधिकारी के आदेश पर भाजपा नेता को थाने से छोड़ दिया गया। नेता के मुक्त होने के बाद पार्टी के लोग साथ लेकर कार्यालय चले गए।