फिरोजाबाद। अब फरिहा, मुस्तफाबाद फीडर से करीब 60 गांव के ग्रामीणों के बेहतर आपूर्ति मिल सकेगी। विद्युत विभाग द्वारा ओवरलोडिंग की समस्या दूर करने के लिए उपकेंद्र की क्षमतावृद्धि कराते हुए पांच एमबीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित करा दिया है।
फरिहा-मुस्तफाबाद विद्युत उपकेंद्र पर अब तक पांच एमबीए का ट्रांसफार्मर स्थापित था। इसी ट्रांसफार्मर से फीडर से जुड़े सभी गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है, परंतु अक्सर ओवरलोडिंग की समस्या के चलते सप्लाई बाधित रही थी।
विद्युत विभाग द्वारा समस्या के निदान के लिए दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण ज्योति योजना के अंतर्गत क्षमतावृद्धि का प्रस्ताव तैयार किया था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद बुधवार को फरिहा, मुस्तफाबाद विद्युत उपकेंद्र की क्षमतावृद्धि का कार्य शुरू हो गया।
पांच एमबीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराने के लिए विभाग द्वारा दोपहर एक बजे से फीडर से जुड़े सभी गांवों की सप्लाई बंद कर दी गई। एल एंड टी कंपनी के कर्मचारी दोपहर से शाम तक ट्रांसफार्मर स्थापित करने के कार्य में जुटे रहे। इस संबंध में अवर अभियंता कयामुद्दीन खान ने बताया कि क्षमतावृद्धि के बाद गांव में ओवरलोडिंग की समस्या पूरी तरह दूर हो जाएगी।