कासगंज। रोगियों को अब दवा के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। दवा कंपनियों से दवाओं की आपूर्ति शुरू हो गई है। स्वास्थ्य विभाग में एक माह के स्टॉक की आपूर्ति आ चुकी है। दवाओं के आने से मरीजों को राहत मिलने लगी है।
जिले में संक्रामक रोग तेजी से फैल रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग मलेरिया, टाईफाइड, वायरल फीवर आदि से पीड़ित हो रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रतिदिन तीन हजार तक मरीज पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते दवा कम पड़ गई थी। कई महत्वपूर्ण दवाएं भी खत्म हो गईं थी। मरीज आधी अधूरी दवाओं के सहारे ही अपना इलाज करा रहे थे। वहीं दवा कंपनियों ने गुरुवार से दवाओं की आपूर्ति शुरू कर दी ह। इसमें एंटीवायटिक सहित कई अन्य महत्वपूर्ण दवाओं की आपूर्ति की गई है। रोगी राम सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें डाक्टर द्वारा लिखी गई सभी दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। माया देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले जब वह दिखाने आई थी तो उन्हें पूरी दवाएं नहीं मिली थी। आज पूरी दवाएं दी गई है। सीएमओ डा. रंगजी दुबे ने बताया कि दवा कंपनियों से दवाओं की आपूर्ति शुरू हो गई हैं। जिससे अब दवाओं की कमी नहीं रहेगी-