एटा। अलीगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत कंचनपुर आसे नंबर दो में हुए घोटाले को लेकर डीएम ने ग्राम प्रधान को बर्खास्त कर दिया है। मामले में सचिव के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी की गई है। बताया जाता है कि ग्राम प्रधान अलीगंज के पूर्व विधायक के भाई की पत्नी है।
दरअसल, ग्राम पंचायत कंचनपुर आसे नंबर दो में बीते वर्षों में 3.72 लाख रुपये का गबन किया गया था। जिला विकास अधिकारी द्वारा की गई जांच में ग्राम प्रधान पिंकी देवी, पंचायत सचिव दीपक कुमार को निलंबित किया गया। जांच के बाद डीडीओ ने डीएम को रिपोर्ट सौंपी। डीएम ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए। इसके बाद एडीओ पंचायत प्रदीप कुमार ने ग्राम प्रधान पिंकी देवी, पंचायत सचिव दीपक कुमार, आरईएस के जेई शिवप्रताप सिंह और पूर्व एडीओ पंचायत उदयवीर सिंह चौहान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। डीएम आईपी पांडेय ने मामले में अंतिम जांच कराई। जांच में सीसी निर्माण कार्य में खेल की पुष्टि होने के बाद डीएम ने ग्राम प्रधान को बर्खास्त कर दिया है। साथ ही समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। डीएम द्वारा की गई कार्रवाई से पंचायतराज विभाग में हड़कंप मचा है। बताया जाता है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ कार्रवाई काफी लंबे समय से लंबित चल रही थी। अलीगंज के पूर्व विधायक रामेश्वर सिंह यादव की भाभी होने के चलते कार्रवाई बाधित हो जाती थी। वहीं ग्राम पंचायत के खिलाफ विजिलेंस जांच भी चल रही है।
वर्जन
प्रधान की कई शिकायत हैं, जिनमें गबन करना प्रमुख है। जांच में गबन की पुष्टि हुई है। जिसको लेकर ग्राम प्रधान को बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई है।
आईपी पांडेय, जिलाधिकारी
विरोधी दल के लोग हमारी शिकायत कर जबरन जांच करा रहे हैं। हमने 15 मीटर के बदले 30 मीटर सड़क का निर्माण कराया है। हमारा भुगतान तक नहीं किया गया है। गबन का आरोप गलत है। हमारा उत्पीड़न किया जा रहा है। जबरन हमारे खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पिंकी यादव, ग्राम प्रधान