कासगंज। नए साल में जनपद में बिजली की किल्लत नहीं रहेगी। शासन से मंजूर बिजली के प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है। 107.94 करोड़ की लागत से बनने वाले प्रोजेक्ट के पूरा होते ही जनपद को भरपूर बिजली मिलेगी।
शासन से जनपद को बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वर्ष 2018 में बिजली के दो प्रोजेक्ट मंजूर किए गए। इनमें से 33/11 केवी के पांच नए सबस्टेशन तैयार कराए गए। इन सबस्टेशनों का का निर्माण पूरा होने के साथ ही इनसे बिजली आपूर्ति भी शुरू कर दी गई। इससे बिजली का संकट काफी हद तक दूर होगा। इसी वर्ष में 107.94 करोड़ का सोरों के मुनव्वरपुर गड़िया का प्रोजेक्ट मंजूर किया गया।
प्रोजेक्ट में जनपद के लिए 220 केवी का सबस्टेशन बनाया जा रहा है। अभी तक इतनी क्षमता का सबस्टेशन जनपद में नहीं हैं। इस प्रोजेक्ट में एक 132 केवी का सबस्टेशन भी बन रहा है। इस सबस्टेशन में 33/11 केवी के सात फीडर भी बनाए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही जनपद में बिजली संकट खत्म हो जाएगा।
जनपद को मिलेगी सीधी आपूर्ति
कासगंज। सोरों के मुनव्वरपुर गड़िया में बन रहे 220 केवी के सबस्टेशन का निर्माण पूरा होने के बाद जनपद को एटा और सिकंदराराऊ पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पावर कारपोरेशन से सीधे बिजली मिलेगी। इससे जिले के बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिल जाएगी।