फिरोजाबाद/टूंडला। थाना टूंडला क्षेत्र में एडिफाई स्कूल के पास एक मेटाडोर डिवाइडर से टकरा गई। इसमें आगरा के एत्मादपुर के दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चालक और परिचालक घायल हो गए। हादसे की सूचना पर इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एत्मादपुर के गारापुर निवासी राजू पुत्र रामचरन डीसीएम से कठफोरी से कबाड़ लेने के लिए गया था। वह कबाड़ लेने के बाद एत्मादपुर लौट रहा था। थाना टूंडला क्षेत्र के जरौली एडिफाई स्कूल के पास डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर खड़े स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकरा गई।
इसमें आगरा के एत्मादपुर कस्बा के विमला इंटर कालेज के पास निवासी मुनमुन (35) पुत्र छोटुआ, रामनाथ दिवाकर (55) पुत्र उदयराम की मौत हो गई। जबकि किशन पुत्र वीरी सिंह माहौर निवासी सतौली एत्मादपुर व चालक राजू घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में लाए हैं। एसएचओ टूंडला का कहना है कि डीसीएम के डिवाइडर से टकराने से दो लोगों की मौत हो गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।