पिथौरागढ़ देवसिंह इंटर कालेज केंद्र में परीक्षा देते इंटर के विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड परीक्षा की सूची फाइनल होने के बाद कालेज संचालकों में खलबली मची हुई है। इस साल की परीक्षा केंद्रों की सूची में कई कालेज गायब हैं, तो कई नए कालेज जुड़ गए हैं। आपत्तियों और प्रत्यावेदन की जुगाड़ के सहारे स्थानीय स्तर पर सूची में फेरबदल हो सकेंगे।
यही कारण है कि विभाग परीक्षा केंद्रों की सूची को सार्वजनिक नहीं कर रहा है। शासन जिले के 113 परीक्षा केंद्र घोषित कर चुका है। पुरानी सूची में 26 कालेज परीक्षा केंद्रों की सूची से हटाए गए हैं। 23 नए कालेजों को जोड़ा गया है। विभाग 20 नवंबर तक प्रत्यावेदन एवं आपत्तियां मांगेगा।
प्रत्यावेदन के सहारे ही प्रस्तावित होकर परीक्षा केंद्र जाएंगे। इसलिए विभाग सूची को सार्वजनिक नहीं कर रहा है। इन केंद्रों पर शासन की मंशा के अनुरूप मानक पूरे नहीं हैं। इसके बावजूद परीक्षा केंद्र घोषित कर दिए हैं।
इस साल वायस रिकार्डिंग सीसीटीवी कैमरा हरेक परीक्षा केंद्र पर लगाने के निर्देश हैं, मगर राजकीय से लेकर एडेड कालेज व प्राइवेट कालेजों पर वायस रिकार्डिंग कैमरे नहीं लगे हैं। इधर, उन केंद्रों को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिनमें विद्युत कनेक्शन नहीं है।
डीआईओएस रितु गोयल ने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सूची आ गई है। उन पर प्रत्यावेदन मांगे जाएंगे। प्रत्यावेदन की सूची को शासन को भेज दिया जाएगा। शासन का निर्णय है कि वह और परीक्षा केंद्र बनाए या न बनाए।