मथुरा। शिक्षक भर्ती परीक्षा में गिर्राज महाराज कालेज पर ड्यूटी दे रहे थाना हाईवे में तैनात सिपाही की तबियत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे नयति हास्पिटल ले जाया गया। यहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिपाही की मौत से पुलिस महकमे में शोक छा गया। पुलिस की मानें तो हृदयगति रुकने से सिपाही की मौत हुई है।
इटावा के नगला उदय सिंह (सिविल लाइंस) निवासी नरेश (47) मुरारी थाना हाईवे की मंडी समिति चौकी पर 17 अक्तूबर 2017 से तैनात था। रविवार को शिक्षक भर्ती परीक्षा के लिए सुबह ड्यूटी देने के लिए गिर्राज महाराज कालेज पर गया। यहां ड्यूटी देते वक्त उसकी तबियत बिगड़ी।
ऐसा होते देख उसके साथी आनन-फानन में उसे नयति हास्पिटल ले गए। यहां चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। हाईवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना पर परिजन भी मथुरा आ गए। यहां पुलिस लाइन में एसएसपी बबलू कुमार ने सलामी देकर अंतिम विदाई दी। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि परीक्षा ड्यूटी देते वक्त सिपाही की मौत हुई है।