लापरवाही: छात्राओं पर भारी पड़ा निवाला
- फोटो : अमर उजाला
अवागढ़/एटा। अवागढ़ क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मेें 55 छात्राएं फूड प्वाइजनिंग की शिकार हो गईं। तबियत बिगड़ने के बाद छात्राओं को अवागढ़ पीएचसी के साथ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से चार छात्राओं को गंभीर हालत में आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं डीएम ने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं।
दरअसल, क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में 100 छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्राओं को रोज की तरह गुरुवार शाम को खाना दिया गया। खाने में आलू-राजमा की सब्जी, मिक्स दाल, चावल और रोटी दी गई। खाना खाने के बाद रात 12 बजे करीब 20 छात्राओं को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। छात्राओं ने वार्डन से शिकायत की, तो उन्होंने सुबह दिखाने की बात कहकर छात्राओं को सुला दिया। शुक्रवार सुबह जब छात्राओं की तबियत में सुधार नहीं हुआ, तो विद्यालय वार्डन ने छात्राओं को अवागढ़ पीएचसी पर उपचार के लिए भेजा। जहां उपचार के दौरान फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि हुई और छात्राओं को एटा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोपहर तक 55 छात्राओं को अवागढ़, एटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं गंभीर हालत में चार छात्राओं को आगरा के एसएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। उधर, छात्राओं की तबियत बिगड़ने की खबर मिलते ही प्रशासन चेता। डीएम अमित किशोर ने जिला अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हाल जाना। उन्होंने मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। एसडीएम जलेसर विजय कुमार को मामले की जांच सौंपी गई है।