फरह (मथुरा)। कल्पतरु ग्रुप का मालिक जयकृष्ण सिंह राणा अब 12 लाख रुपये हड़पने में फंस गया है। अबकी बार आगरा के तीन प्लाट और फ्लैट धारकों ने थाना फरह में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर राणा की तलाश शुरू कर दी है।
चिटफंड के एजेंटों के माध्यम से प्लाट और फ्लैट की एवज में 500 करोड़ रुपये लेकर फरार हुए कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा के खिलाफ थाना फरह में फर्जीवाड़े के मुकदमे की फहरिस्त तैयार होने लगी है। अभी तक 50 मुकदमे राणा के खिलाफ दर्ज हो चुके हैं। आगरा के तीन निवेशकों महर्षि परशुराम नगर शमसाबाद रोड आगरा निवासी नरदेव शर्मा पुत्र सेवाराम शर्मा, आगरा के नूरी दरवाजा निवासी अंजू पत्नी अमित और आगरा के दयालबाग निवासी मनोज बंसल पुत्र गोविंद ने थाना फरह में कल्पतरु ग्रुप के मालिक जयकृष्ण सिंह राणा और उसके छह सहयोगियों के खिलाफ फर्जीवाड़े का मुकदमा दर्ज कराया है।
प्लाट और फ्लैट की एवज में नरदेव से 1.50 लाख रुपये, अंजू से 5.75 लाख रुपये और मनोज से 3.20 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद न तो फ्लैट मिला और न ही धनराशि लौटाई गई। प्रभारी निरीक्षक आजादपाल सिंह ने बताया कि मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। जल्द ही जयकृष्ण सिंह राणा की गिरफ्तारी की जाएगी।