मथुरा। मथुरा बलदेव रोड पर रविवार की देर रात ट्रक और सीमेंट लदे ट्रेलर में टक्कर हो गई। टक्कर में ट्रक के चालक की मौत हो गई। वहीं ट्रेलर बिजली के पोल से टकरा गया और उसमें आग लग गई। आग से सीमेंट के बोरे और ट्रेलर जल गया। घटना के कारण मथुरा-बलदेव मार्ग पर सुबह तक जाम लगा रहा।
रविवार रात्रि 12 बजे राजस्थान से सीमेंट लेकर एक ट्रेलर राया की तरफ जा रहा था, वहीं सामने से खाली ट्रक गोकुल बैराज की और जा रहा था। थाना यमुनापार क्षेत्र में गांव अजय नगर के निकट दोनों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रेलर चालक संतुलन खो बैठा और ट्रेलर बिजली के पोल से टकरा गया।
पोल टूट गया और तारों से हुई स्पार्किंग से ट्रेलर में आग लग गई। ट्रेलर के चालक और क्लीनर मौके से भाग गए और पूरा ट्रेलर और सीमेंट के बोरे जल गए। वहीं दूसरी तरफ ट्रक के चालक अमीर पुत्र रहीस (22) निवासी गांव नगला हांडा थाना जेवर गौतम बुद्ध नगर की मौत हो गई। ट्रेलर में लगी आग से सड़क पर जाम लग गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। सुबह तक यमुनापार पुलिस ने क्रेन की मदद से रास्ता साफ कराया और शव को पोस्टमार्टम को भेजा।