शिकोहाबाद। मैनपुरी के गांव नगला केहरी निवासी राजकुमारी उर्फ बबली की हत्या अवैध संबंधों और शादी में रोड़ा बनने पर नगला भूपाल निवासी जीएनएम का कोर्स कर रहे छात्र हरिओम ने जहर मिली कोल्डड्रिंक पिलाकर की थी। यह खुलासा थाना पुलिस ने किया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक चंद्र दीक्षित ने बताया कि 24 जून को सिरसागंज थाना क्षेत्र की अरांव चौकी में बबली का शव मिला था। मृतका के रिश्तेदार रामवीर सिंह निवासी इकराम विछवां मैनपुरी ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने मृतका के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई। जिसमें अंतिम कॉल हरिओम की निकली। जब पुलिस ने सीडीआर निकलवाई तो हरिओम से महिला की काफी लंबी बातें हुईं थीं। हरिओम आगरा में जीएनएम का कोर्स कर रहा है। उसके साथ एक किशोर भी रूम पार्टनर है। बबली के संबंध हरिओम से थे।
आरोप है कि वह नाबालिग रूम पार्टनर से भी संबंध बना रही थी। परिवारीजनों ने हरिओम की शादी तय कर दी तो बबली ने रोड़ा अटका दिया। वह उसे और उसके दोस्त को धमकी दे रही थी। 24 जून को हरिओम बबली को बाइक से ले गया। कोल्डड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। उसके शव को अरांव क्षेत्र में फेंक दिया। इस घटना के एक महीने बाद हरिओम ने भी आत्महत्या कर ली थी।