फिरोजाबाद। व्यापारियों ने छापेमारी के नाम पर खाद्य विभाग की टीम पर वसूली करने का आरोप लगाया। आरोप है कि कुछ लोग खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर नमूने भरने लगे और कई दुकानदारों से पांच हजार रुपये अवैध वसूली की मांग करने लगे। इस पर दुकानदार एकत्रित हो गए। जिसके बाद एकत्रित भीड़ को देखते हुए वसूली करने वाले लोग भाग खडे़ हुए।
नगला करन सिंह में परचून की दुकानों खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती चार से पांच लोगों के साथ सैंपल लेने के लिए गईं। डीएम का आदेश बताकर सभी ने दुकानदारों के सैंपल लेना शुरू कर दिए। इसके बाद दुकानदारों का आरोप है कि किसी से दो हजार तो किसी से पांच हजार रुपये की डिमांड की गई। जिस पर सभी दुकानदार एकत्रित हो गए और विरोध शुरू कर दिया। इसे देख टीम बिना सैंपल लिए वापस लौट आई।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बीएस कुशवाह का कहना है कि सुनने में आया है कि नगला करनसिंह में सैंपल लेने खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती गई थीं। फिलहाल टीम तो कोई नहीं बनाई है। हो सकता है कि उनके ड्राइवर एवं अन्य लोग हों। हम जानकारी हासिल करेंगे।