प्रदेश में की जा रही 5800 महिला आरक्षियों की भर्ती में 12 जनपदों की पुलिस लाइन में 87000 अभ्यर्थियों का फिजिकल टेस्ट गुुरुवार से शुरू हो गया। आगरा में पहले दिन बुलाई गई 800 अभ्यर्थियों में से 190 गैर हाजिर रहीं। दौड़ के लिए पहुंची 610 अभ्यर्थियों ने कोशिश तो बहुत की लेकिन इस परीक्षा में 126 फेल हो गईं। ये अधिकतम 16 मिनट में दौड़ पूरी नहीं कर पाईं। सफल रहीं 484 में से चार ने न्यूनतम समय 11 मिनट से पहले ही दौड़ पूरी कर ली। इन्हें 200 में से पूरे अंक मिले हैं।
आगरा पुलिस लाइन में ब्रज की छोरियों ने दौड़ का दम दिखाया। आगरा के अलावा मैनपुरी, मथुरा, हाथरस, फीरोजाबाद की अभ्यर्थी भी पहुंचीं। सबसे ज्यादा मथुरा की रहीं।
200-200 करके चार बार में 800 अभ्यर्थियों की दौड़ थी, लेकिन 190 गैर हाजिर हो गई। 2.4 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 16 मिनट में पूरी करनी थी। पुलिस लाइन में 400 मीटर का ट्रैक बनाया गया। अभ्यर्थियों ने इसके छह चक्कर लगाए। लेकिन कई तो पांचवें चक्कर में ही मैदान छोड़ गईं। 30 की हालत बिगड़ गई। इन्हें चिकित्सीय कैंप में ले जाया गया। इनमें से दो को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इन्हें चक्कर आ गए थे। एक के पैर में मोच आ गई।
400
मीटर का ट्रैक, 2.4 किमी. दौड़ में लगे छह चक्कर
126
अभ्यर्थी फेल, 16 मिनट में पूरी नहीं कर पाईं दौड़
20
की हालत बिगड़ी, दो को स्ट्रेचर पर ले जाया गया
04
अभ्यर्थियों ने न्यूनतम 11 मिनट से कम लिया समय
सुबह 06:45 बजे : पहली दौड़ शुरू
सुबह 10:30 बजे : अंतिम दौड़ समाप्त
फटाफट दौड़, झटपट रिजल्ट
सभी अभ्यर्थियों के पैर में माइक्रो चिप लगाई गई थी। ट्रैक पर शुरू में कंप्यूटराइज्ड डिवाइस वाला मैट बिछाया गया। सभी अभ्यर्थियों को एक नंबर आवंटित किया गया। जैसे ही दौड़ पूरी हुई, इसका नतीजा भी सामने आ गया। इसे बोर्ड पर डिस्पले किया गया। इसमें अभ्यर्थी के नाम के साथ दौड़ में लगा समय और प्राप्त अंक दिए गए।
पहले दिन की शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) एकदम व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई । शुक्रवार को 1000 अभ्यर्थियों की दौड़ होगी - राजेश कुमार सिंह ( फिजिकल टेस्ट में पुलिस के नोडल अधिकारी )