कोसीकलां (मथुरा)। शनिदेव धाम के दर्शन करने आए एटा के कार सवार श्रद्धालुओं से बदमाशों ने हथियारों के बल पर 25 हजार रुपये एवं चार मोबाइल फोन लूट लिए। बदमाश कार लूटने की फिराक में भी थे। लेकिन भीड़ देख चले गए। बाद में श्रद्धालुओं की सूचना पर पुलिस ने उन्हें घेरा तो बदमाश अपनी कार छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
अवागढ़, एटा निवासी राजीव कुमार गुप्ता पुत्र रामजी लाल गुप्ता अपने दोस्त संतोष भारद्वाज, श्यामवीर सिंह, संदीप पाठक के साथ कार से शनिदेव के दर्शन के लिए आए थे। वह लोग आधी रात को लौट रहे थे। तभी जाव रोड पर कार सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचा लगाकर उनसे 25 हजार की नकदी, चार मोबाइल फोन, एटीएम, आधार कार्ड, डीएल एवं कपड़ों काबैग लूट लिया।
विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट भी की। बदमाश कार लूटने की फिराक में भी थे। लेकिन नंदगांव रोड़ पर भारी यातायात देख अपनी कार से भाग निकले। उधर, बदमाशों के जाते ही श्रद्धालुओं ने अपने एक मोबाइल से यूपी 100 पर पुलिस को सूचना दी। जिससे पुलिस ने क्षेत्र को घेर लिया। यह देख बदमाश अपनी कार को रजवहा की पटरी पर छोड़ भाग गए। पुलिस ने बदमाशों की कार को अपने कब्जे में ले लिया। मामले में पीड़ित राजीव कुमार गुप्ता तहरीर दी है। इंस्पेक्टर रवि त्यागी ने बताया कि मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है।