एटा। 18 दिन बिना पुलिस के चले थाना जैथरा और मुख्यमंत्री द्वारा सौंपी गई जांच को लेकर मांगी गई सूचना न देने पर राज्य सूचना आयोग ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निदेशक को तलब किया है। मामले में 13 मार्च को लखनऊ में सुनवाई होगी।
जैथरा के आरटीआई कार्यकर्ता सुनील कुमार ने विगत 20 अगस्त 2018 को जिले के तत्कालीन एएसपी विसर्जन सिंह यादव और तत्कालीन एसओ कैलाश चंद्र दुबे के खिलाफ की गई शिकायत की जांच के संबंध में सूचना मांगी थी। उन्होंने पत्र में मुख्यमंत्री द्वारा सौंपी गई जांच में की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी भी चाही।
इसके बावजूद भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निदेशक ने कोई सूचना नहीं दी। इसके बाद उन्होंने विभाग के प्रथम अपीलीय अधिकारी को पत्र भेजा, लेकिन उन्होंने भी कोई संज्ञान नहीं लिया। इसे लेकर राज्य सूचना आयोग ने निदेशक भ्रष्टाचार निवारण संगठन को तलब किया है। उन्होंने मामले में 13 मार्च को उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है।