एटा। शादी करके युवतियों को धोखा देने वाले दो सिपाहियों के खिलाफ कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पीड़ित युवती मध्य प्रदेश और रामपुर जिले की रहने वाली हैं।
मध्य प्रदेश की रहने वाली एक संगठन में कार्यरत डाक्टर युवती ने बताया कि उसके साथ थाना अलीगंज में तैनात सिपाही राजीव ने अपने दोस्त राहुल कटारिया सहित तीन लोगों की मौजूदगी में 28 अक्तूबर को शादी की थी। बाद में उसने घर वालों के दबाव में आकर उसे धोखा देते हुए छोड़ दिया। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाते हुए महिला आरक्षी लक्ष्मी से उसकी थाना अलीगंज में पिटाई करवाई थी।
वहीं रामपुर की रहने वाली डाक्टर की दोस्त युवती ने भी रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि थाना अलीगंज में ही तैनात सिपाही शिवम मेहरा ने 22 अगस्त 2017 को शादी की थी। इसके बाद वह उससे सात लाख रुपये की मांग करने लगा। जिसे देने में उसने असमर्थता जाहिर की थी। इसे लेकर शिवम मेहरा ने उससे बातचीत करनी बंद कर दी और उसे छोड़कर दूसरी युवती के साथ शादी करने के लिए तैयारियां करने लगा।
युवती ने बताया कि इसकी शिकायत करने के लिए वह सिपाही के घर पर गई थी। जहां सिपाही की मां और बहन ने अभद्रता करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। ऐसे में पीड़ित युवती लगातार न्याय के लिए भटक रही है। रविवार को युवतियों ने कोतवाली नगर में सिपाहियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एएसपी एटा संजय कुमार ने बताया कि शिकायत करने वाली युवतियों की तहरीर पर मामले की रिपोर्ट कोतवाली नगर में दर्ज कराई है। जिस पर जांच कराई जा रही है। जांच में आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कराई जाएगी।