फरिहा (फिरोजाबाद)। थाना फरिहा क्षेत्र के गांव मीतपुरा में स्कूल की भूमि पर अवैध कब्जा को लेकर शुक्रवार सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों ओर से पथराव हुआ। इससे अफरा-तफरी मच गई।
एसओ फरिहा व डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की है। इधर ग्रामीणों का अनशन शुक्रवार को जारी रहा। गांव मीतपुरा में पूर्व प्रधान संजय कुमार के नेतृत्व में स्कूल भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग को ही लेकर अनशन किया जा रहा है।
शुक्रवार सुबह पूर्व प्रधान पक्ष के कुछ लोग स्कूल की तरफ पहुंच गए। तभी दूसरे पक्ष के लोग आ गए। ग्रामीणों की मानें तो दोनों पक्ष में काफी देर तक गाली-गलौज और पथराव हुआ। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एसओ फरिहा विनोद कुमार, पीआरबी टीम गांव में पहुंच गई।
पुलिस पूर्व प्रधान संजय और दूसरे पक्ष के राजू राजपूत को साथ ले आई। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ 151 के तहत कार्रवाई की है। दोनों पक्षों को पाबंद किया जा रहा है। राजू राजपूत पक्ष का आरोप है कि हमारे परिवार के लड़के जा रहे थे।
उन्हें घेरने की कोशिश की गई। जबकि दूसरे पक्ष पूर्व प्रधान संजय पक्ष का कहना था कि गांव के स्कूल की भूमि खाली कराने के लिए आंदोलन किया जा रहा है। थाना पुलिस हमारे खिलाफ कार्रवाई कर रही है। यह कहां का न्याय है। इधर ग्रामीणों का अनशन जारी रहा।