टैंटीगांव (मथुरा)। खैर-टैंटीगांव मार्ग काफी समय से जर्जर हालत में है। लोगों को आवागमन में बड़ी परेशानी हो रही है। ठेकेदार ने अभी लगभग छह किलोमीटर मार्ग को अधूरा छोड़ रखा है। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
लगभग 14 किलोमीटर लंबा खैर-टैंटीगांव मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। मार्ग के निर्माण के लिए अखिलेश सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे। पहली किस्त मिलने के बाद ठेकेदार ने सड़क निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया था। सरकार बदली तो ठेकेदार ने काम बंद करा दिया।
कई माह बाद दूसरी किस्त आने पर फिर से काम शुरू हुआ। कुछ सड़क बनाने के बाद ठेकेदार ने फिर से काम बंद करा दिया। अभी छह किलोमीटर टुकड़ा बनने को रह गया है। खायरा, बेरा, जरारा, आसफाबाद, मुरकुटी, कतीना, बदनपुर, नगला जयसिंह, अमानुल्लापुर, पती नगरिया, भदनवारा, सुदामागढ़ी, राजागढ़ी, तुलागढ़ी सहित 25 से अधिक गांवों के लोग परेशान हैं। राजू शर्मा, गौरव शर्मा, श्याम भगत, पिंकू शर्मा, राधाचरन, चंद्रप्रकाश गौतम, केशव गुप्ता, भगवान गुप्ता आदि ने डीएम से सड़क को शीघ्र बनवाए जाने की मांग की है।