मथुरा। शिक्षक भर्ती घोटाले में डीएम ने डायट प्राचार्य से रिपोर्ट मांगी है। इसमें 29,334 गणित विज्ञान शिक्षकों के साथ 12,460 और 15,000 सहायक अध्यापकों की भर्ती से जुड़ी रिपोर्ट देने को कहा है। इधर, बीएसए आफिस में पुलिस ने अपनी जांच शुरू कर दी है। रिकार्ड खंगाले गए हैं। इससे विभागीय अधिकारियों के साथ घपले से जुडे़ लोगों में खलबली है।
अमर उजाला ने जनपद की शिक्षक भर्ती में फर्जीवाडे़ का बड़ा खुलासा किया था। 29,334 में 70 से अधिक फर्जी शिक्षकों की भर्ती की खबर सोमवार को प्रकाशित की है। इससे पूर्व में 12,460 में फर्जीवाडे़ की खबर प्रकाशित की हैं। इससे खलबली मची हुई है। राज्य सरकार की धूमिल होती छवि को दृष्टिगत रखते हुए एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मुलाकात की।
अमर उजाला की खबरों का संज्ञान लेते हुए प्रशासनिक जांच की मांग की। इस पर डीएम सर्वज्ञराम मिश्र ने डायट प्राचार्य से रिपोर्ट मांग ली है। कहा है कि रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में प्रशासनिक जांच का फैसला किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा पार्षद मूलचंद गर्ग, विनोद चौधरी, सुधीर सारस्वत, संजय अग्रवाल, हर्ष गौड, विशाल गुप्ता, माधव गुप्ता शामिल रहे।
इधर, इस मामले की जांच के लिए पुलिस बीएसए आफिस पहुंच गई। शिक्षकों के खिलाफ रिपोर्ट से जुडे़ रिकार्ड खंगाले गए हैं। बीएसए संजीव कुमार सिंह से बातचीत भी की गई। इसके अलावा सोमवार को जिन शिक्षकों के प्रमाण पत्र फर्जी पाए गए थे, उनमें से सिर्फ एक ही अपना पक्ष रखने के लिए बीएसए आफिस पहुंचा है।