मथुरा। जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोेेेजित जिला सब जूनियर क्रिकेट लीग के फाइनल मैच में हरीश राघव पब्लिक स्कूल की टीम ने आरकेडियन पब्लिक स्कूल को 105 रनों से हराया। 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 78 रन और चार विकेट चटकाने वाले प्रवीन सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टॉस हरीश राघव स्कूल की टीम ने जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट के नुकसान पर 182 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। प्रवीन सिंह ने 37 गेंदों पर सात छक्के, आठ चौकों की मदद से 78 रन, कप्तान तिलक सूर्यवंशी ने 50 रनों की आकर्षक पारी खेली। आरकेडियन की ओर से अंशुल ने दो, शैलेष ने एक विकेट लिया।
183 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरकेडियन की टीम 77 रनों पर ही ढेर हो गई।
हरीश राघव की ओर से प्रवीन ने चार, रघुराज तीन विकेट, सुमित ने दो, सतेंद्र ने एक विकेट लिया। अंपायरिंग रितेश शर्मा और असलम खान ने की। विजेता टीम को पुरस्कार मुख्य अतिथि ललित अरोड़ा ने दिया। इस अवसर पर जगदीश चावला, अजय अग्रवाल, माया दीक्षित, प्रदीप कुलश्रेष्ठ, मुनीष भार्गव, कमल चावला, हिमांशु, उमेश चौरसिया, रोहित सिंह, एसपी सिंह, सुनील सिंह, अनुग्रह रावत, आशुतोष दीक्षित, सुनील सुनेजा आदि थे।