मथुरा। ईदगाह के बाहर सड़क तक पर बिछ गई थीं सफें। बड़ी संख्या में पहुंचे रोजेदारों ने नमाज अदा करके मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ की। नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद पेश की गई। दिन भर ईद मिलने का सिलसिला चलता रहा।
ईदगाह पर नमाज का वक्त भले ही सुबह को नौ बजे का था लेकिन रोजेदारों के पहुंचने का सिलसिला सुबह आठ बजे से ही शुरू हो गया था। साढ़े आठ बजते-बजते ईदगाह का मैदान फुल हो गया। आसपास की सड़कों तक पर सफें बिछ गईं। सुबह नौ बजे नमाज अदा कराई गई। इस दौरान मुल्क और कौम की तरक्की और अमन की दुआ की गई।
नमाज जामा मस्जिद के नायब इमाम साजिददुल कादरी ने अदा कराई। नमाज के बाद यहां लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गई। बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी और एसएसपी विनोद कुमार मिश्र के साथ सभी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी यहां मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सभी को ईद की मुबारकबाद दी। भाजपा नेताओं ने भी पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी। वीरेंद्र अग्रवाल, मुकेश खंडेलवाल, प्रदीप गोस्वामी, अल्तमस निजाम, मोहम्मद रियाजुद्दीन, जहीर अब्बास जैदी, नवेद और मोहम्मद साबिर मुख्य रूप से मौजूद रहे।
अब्बू की उंगली पकड़कर पहुंचे बच्चे
बच्चों में भी भारी उत्साह था। नए-नए कपड़े पहनकर बच्चे अपने अब्बू की अंगुली थामकर ईदगाह पर पहुंचे। पहले नमाज पढ़ी और उसके बाद एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। बच्चे सबसे ज्यादा जोश में दिख रहे थे। चाहे वह कासिम हो या फिर अबरार। सभी सुंदर कपड़े पहनकर आए थे।
गले मिले और दी मुबारकबाद
ईदगाह पर काफी देर तक ईद मिलने का सिलसिला चलता रहा। सियासी दलों के लोग भी मुबारकबाद देने के लिए पहुंचे थे। इनमें पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, डा. अशोक अग्रवाल, जिलाध्यक्ष सपा तनवीर अहमद, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष आबिद हुसैन और पूर्व मंत्री सरदार सिंह शामिल रहे।