ईरान-इस्राइल युद्ध के कारण गैस सिलिंडर की किल्लत लोग महसूस कर रहे हैं। जिला आपूर्ति विभाग की टीम ने शुक्रवार को नूरी दरवाजा क्षेत्र में डेयरी पर छापे में 42 सिलिंडर बरामद हुए। मामले में डेयरी संचालक पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।
आगरा के नूरी दरवाजा क्षेत्र में आपूर्ति विभाग की टीम ने एक डेयरी पर छापा मारकर 42 व्यावसायिक गैस सिलिंडर बरामद किए। सिलिंडरों के दस्तावेज न दिखाने पर डेयरी संचालक के खिलाफ थाना एमएम गेट में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद कुमार सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में उन्होंने जांच दल बनाया है। शुक्रवार को क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रानू रस्तोगी और उनकी टीम ने कालीबाड़ी रोड पर गोयल डेयरी पर छापा मारा। वहां पर्दे के पीछे 42 व्यावसायिक सिलिंडर रखे मिले। पूछने पर वह सिलिंडर के कागज नहीं दिखा सके। टीम ने सभी सिलिंडर जब्त किए। थाना एमएम गेट को प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।