यूरिया न मिलने पर किसानों ने हंगामा कर लगाया जाम
- फोटो : अमर उजाला
जलेसर। यूरिया खाद न मिलने पर किसानों ने कृभको सेंटर पर हंगामा काटा। सादाबाद-जलेसर मार्ग पर जाम लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम लगा रहे युवको में दो को पकड़ लिया। इसके बाद किसानों ने एसडीएम से की शिकायत दर्ज कराई। बाद में दोनों को छोड़ दया।
सादाबाद रोड स्थिति कृभको सेंटर के संचालक विभागीय बैठक में जाने के कारण सेंटर बंद था। प्राईवेट दुकानों पर अधिक मूल्य में खाद मिलने के कारण किसानों की भीड़ कृभको सेंटर पर प्रात: काल से ही एकत्रित हो गई। दस बजे तक सेंटर नहीं खुला तो गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा काटते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार सिंह ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, जब नहीं माने तो दो युवकों को पकड़ कर थाने ले गये। इसके बाद किसानों ने अपने आप जाम खोल दिया। किसानों ने उपजिलाधिकारी को कृभको सेंटर संचालक के खिलाफ शिकायती ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने बताया कि गुरुवार को सुबह से ही खाद का वितरण किया जाएगा। जाम और हंगामा करने वालों में प्रवीन कुमार, तुर्रम सिंह, रवेन्द्र पाल सिंह, धनपाल सिंह, ज्ञानेन्द्र कुमार, पोप सिंह, प्रमोद कुमार, देवेन्द्र कुमार, दलवीर सिंह, श्याम चौहान, अजय कुमार, विशाल कुमार आदि प्रमुख थे।