फरह (मथुरा)। रेलवे गेट से होकर निकलने के दौरान ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली का हुक टूट जाने से ट्राली रेलवे ट्रैक पर फंस गई। चालक ट्रैक्टर को लेकर मौके से भाग गया। इससे घंटों रेलवे ट्रैक बाधित रहा। गेट के दोनों ओर वाहनों की लाइन लग जाने से जाम लग गया।
सोमवार दोपहर फरह के रेलवे गेट संख्या 518 पर एक ट्रैक्टर-ट्राली, जिसमें ईंट भरी थीं, फाटक से निकल रही थी, तभी ट्राली का हुक टूट गया और ट्राली रेलवे ट्रैक पर रह गई। बीच ट्रैक पर ट्राली के फंस जाने से गेटमैन ने रेलवे के अधिकारियों को सूचित किया।
सूचना के बाद मौके पर रेलवे पुलिस भी पहुंच गई, तब तक गेट के दोनों तरफ वाहनों की लाइन लगने से जाम लग गया। रेलवे पुलिस ने जेसीबी मंगाकर कड़ी मशक्कत के बाद ट्राली को ट्रैक से हटवाकर मार्ग साफ कराया। इस दौरान रेलवे का आगरा से दिल्ली की ओर जाने वाला डाउन ट्रैक पूरी तरह दो घंटे बाधित रहा। ट्राली को जीआरपी ने अपने कब्जे में ले लिया है।