फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। पालिकाध्यक्ष कार्यालय में शनिवार सुबह बोर्ड मीटिंग हुई। जिसमें सभासदों ने पानी और सफाई की समस्याओं पर चर्चा की। पालिका परिसर में सभासदों के बैठने के लिए कोई व्यवस्था न होने पर विरोध किया। इसी दौरान सभासदों में आपस में कहासुनी हो र्गई।
बैठक पालिकाध्यक्षा मुमताज बेगम की अध्यक्षता में हुई जिसमें सभासदों ने अपने बोर्ड की समस्याओं को रखा। सर्वाधिक सभासदों ने नगर की पेयजल, सफाई व्यवस्था और जलनिगम की लापरवाही को बताया। सभासद देव यादव ने जेई देवीलाल शर्मा और ठेकेदार पर कार्यों को बिना मानक बोर्ड लगाने का आरोप लगाया। गौतम यादव ने कहा कि पालिका परिषद में सफाई कर्मचारी नेताओं को बैठने के लिए कार्यालय दिया जा रहा है, लेकिन सभासदों के बैठने के लिए पालिका में कुर्सी भी नहीं है।
पालिका कर्मचारी और अधिकारी सभासदों का सम्मान भी नहीं करते हैं। पालिकाध्यक्षा से सभासदों के बैठने की व्यवस्था कराने के लिए कहा। इसके बाद किसी बात को लेकर सभासद आपस में भिड़ गए और हंगामा हो गया। पालिकाध्यक्षा ने सभासदों से कहा कि वह घर से हंगामा करने की ठान कर कार्यालय न आएं। सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपनी बात रखें।