मैनपुरी। बिना पंजीकरण कराए कॉपी-किताबें बेच रहे स्कूल संचालक वाणिज्य कर की चोरी कर रहे हैं। वाणिज्य कर की चोरी किए जाने से विभाग को राजस्व की हानि हो रही है। वाणिज्य कर विभाग ने राजस्व चोरी कर रहे स्कूलों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कार्रवाई किए जाने की रणनीति बनाई है।
नया शिक्षा सत्र शुरू होते ही स्कूल संचालकों ने इस बार भी वाणिज्य कर की चोरी करनी शुरू कर दी है। स्कूल संचालक छात्र-छात्राओं को स्कूल परिसर से तथा चुनिंदा दुकानों से ही कॉपी-किताबें खरीदने को मजबूर कर रहे हैं। जिन दुकानों से कॉपी-किताबें बेची जा रही हैं। वह दुकानें साल भर तो बंद रहती हैं केवल सत्र शुरू होते ही खोली जाती हैें।
बिना पंजीकरण कराए कॉपी किताबें बेचकर दुकानदार तथा स्कूल संचालक वाणिज्य कर की चोरी कर रहे हैं। जानकारी होने पर वाणिज्य कर विभाग ने इस तरह के स्कूलों को चिह्नित किया है। उनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई किए जाने की रणनीति तैयार की गई है। वाणिज्य कर विभाग अब प्रशासन और पुलिस की मदद से चिह्नित किए गए स्कूलों के खिलाफ अभियान चलाएगा।