फिरोजाबाद। रसीदपुर कनेटा के पास नक्शा पास कराए बिना अवैध रूप से प्लाट काटे जा रहे थे। सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में विकास प्राधिकरण के अफसरों ने बुधवार को पुलिस फोर्स की मौजूदगी में जेसीबी द्वारा बाउंड्री बाल को ध्वस्त करा दिया।
हाइवे पर आइवे इंटरनेशनल स्कूल के पास तीन कोलोनाइजर 10 बीघा भूमि पर बिना नक्शा पास कराए प्लाट काट रहे थे। अवैध रूप से प्लाटिंग के संबंध में डीएम नेहा शर्मा से शिकायत हुई। डीएम के निर्देश पर विकास प्राधिकरण ने अवैध रूप से प्लाट काटने पर ब्रजमोहन कश्यप, गणेश शर्मा, अजय दुबे के खिलाफ चालान की कार्रवाई की थी। इसके बाद भी प्लॉट काटने का काम जारी रहा।
सिटी मजिस्ट्रेट शीतला प्रसाद यादव के नेतृत्व में विकास प्राधिकरण टीम ने बुधवार दोपहर एक बजे थाना मटसैना एसओ और पुलिस फोर्स के साथ रसीदपुर कनेटा पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर जेसीबी से कालोनी में बनी बाउंड्री बाल ध्वस्त कर दी। कालोनी में तोड़फोड़ शुरू होते ही लोग विरोध करने पहुंचे, लेकिन सिटी मजिस्ट्रेट की सख्ती के चलते बैरंग लौट गए। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्राधिकरण सीमा में जहां भी अवैध निर्माण हो रहे हैं, वे सभी ध्वस्त किए जाएंगे। एक्सईएन अरुण कुमार शर्मा, एई राकेश तोमर, अशोक त्रिवेदी, एसके गुप्ता, खड़ग सिंह, प्रमोद कुमार, अतुल जैन रहे।