फिरोजाबाद/एका। निरीक्षण के दौरान ब्लाक एका में कई खामियां प्रकाश में आने व शासकीय कार्यों में शिथिलता मिलने पर सीडीओ डा. अशोक कुमार ने तीन कर्मचारियों का कार्यपूर्ति होने तक वेतन रोकने एवं एक कर्मचारी को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है।
गुरुवार को निरीक्षण के लिए ब्लाक संसाधन केंद्र एका पहुंचे सीडीओ को ब्लाक क्षेत्र में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की मस्टरोल फीडिंग अधूरी मिली। यहीं नहीं मौके पर पहुंचे पंचायत सचिव द्वारा लेखाकार प्रबल प्रताप सिंह, एपीओ व कंप्यूटर ऑपरेटर द्वारा मस्टरोल फीडिंग में जानबूझ कर देरी करने की शिकायत की।
मुख्य विकास अधिकारी ने तीनों कर्मचारियों का वेतन मस्टरोल फीडिंग कार्य पूरा होने तक रोकने के निर्देश दिए हैं। इसी क्र म में 14वें वित्त आयोग द्वारा जारी की गई लगभग 40 लाख रुपये की धनराशि का सदुपयोग नहीं करने की शिकायत सामने आने पर जीपीएफ रजिस्टर पूर्ण नहीं करने पर स्थापना लिपिक नेत्रपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी करने के निर्देश दिए।
वहीं पटल सहायक को कठोर चेतावनी निर्गत की। निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना का कार्य हरहाल में 20 फरवरी तक पूर्ण कराने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीडीओ अरविंद जैन, डीपीआरओ गिरीश चंद्र व सहायक अभियंता डीआरडीए आरके श्रीवास्तव मौजूद रहे।