मैनपुरी/घिरोर। घिरोर कस्बे के साथ ही आसपास के करीब 20 गांवों में बीस घंटे का ब्लैक आउट रहा। गुरुवार की रात 12 बजे विद्युत लाइन में हुए फाल्ट के बाद ठप हुई बिजली आपूर्ति शुक्रवार रात दस बजे तक चालू नहीं हो सकी थी। बिजली न होने से कस्बे में शुक्रवार शाम को बाजार जल्द बंद हो गया।
कस्बे के लोगों ने पहले तो इंतजार किया बाद में बिजली न आने की वजह जानने के लिए जेई को फोन किया। जेई ने बताया कि लाइन में फाल्ट हुआ है। जेई ने इसकी जानकारी एसडीओ और अधिशासी अभियंता देहात को दी। रात में ही कर्मचारी फाल्ट तलाश करने के लिए पहुंचे, लेकिन घने कोहरे के कारण फाल्ट नहीं मिला। शुक्रवार की सुबह से ही कर्मचारी फाल्ट तलाश करने में जुट गए। दोपहर 12 बजे के आसपास घिरोर के पास फाल्ट मिला। फाल्ट सही करने के बाद जैसे ही आपूर्ति चालू की गई 10 मिनट बाद एकबार फिर से फाल्ट हो गया।
दोबारा हुए फाल्ट को तलाश करने के लिए पेट्रोलिंग कराई गई। रात आठ बजे के लगभग दन्नाहार बिजली घर के पास अंडर ग्राउंड केबल में फाल्ट मिला। अंडर ग्राउंड केबल का फाल्ट सही करने के लिए जेई हरीश सोनी के नेतृत्व में तीन टीमें लगाई गईं। बिजली विभाग की ओर से संभावना जताई गई कि शुक्रवार रात 10 बजे के बाद आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।
ये गांव रहे प्रभावित
कस्बा घिरोर के अलावा कल्होर, पुवां, कल्होर पछां, कंजाहार, नगला पंडितान, नगला केहरी, ओए, शाहजहांपुर, बम्हौरा, नगला कुंजी, अवाहार, मड़ैया आदि गांव प्रभावित रहे।
घिरोर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति लाइन में फाल्ट की वजह से प्रभावित हुई है। देर शाम फाल्ट तलाश लिया गया है। लोगों को परेशानी न हो इसके लिए तीन टीमों को लगा दिया गया है। उम्मीद है कि रात 10 बजे के बाद आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।
-उमेश चंद्र वर्मा, अधीक्षण अभियंता