न्यायिक कर्मी की पत्नी की कूलर से करंट लगने पर मौत हो गई। मौत के कारण मंगलवार को न्यायालय में शोकावकाश रहा।
सुखदेव निवासी दुर्गा कालोनी न्यायालय में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी इंद्रवती मंगलवार को सुबह लगभग पांच बजे घर की सफाई कर रही थी। सफाई करते समय उनका माथा कूलर से छू गया। जिससे तेज करंट लगा। चीखें सुनकर परिवारीजन दौड़े। प्लग निकालकर परिवारीजन उन्हें लेकर चिकित्सालय पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच करते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर न्यायिक कर्मी भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस भी चिकित्सालय आ गई। परिवारीजन शव पैतृक गांव रुद्र प्रयाग उत्तराखंड लेकर चले गए।
अधिवक्ताओं ने जताया शोक
कासगंज। अधिवक्ताओं की बैठक न्यायालय परिसर में हुई। इसमें दो मिनट का मौन रखकर आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। मौके पर कासगंज बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयकुमार सक्सेना, सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शत्रुंजय गुप्ता, डिस्ट्रिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष नारायण स्वरूप सक्सेना, पीसी मिश्रा, सत्येद्र पाल सिंह बैस, आदर्श सक्सेना, अरुण शर्मा, राजवी यादव, रंजीत भारद्वाज, अनिल मिश्रा, अनुराग शर्मा, अभिषेक गुप्ता, केशव मिश्रा, अहिहरन सिंह मौजूद रहे।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
2 जून ढोलना के छावनी में भागवत कथा में करंट लगने से युवक झुलसा।
6 जून ढोलना के किनावा में स्विच लगाते समय करंट लगने से किशोरी की मौत।
10 जून अमापुर के अशोकपुर में स्विच लगाते समय करंट लगने से युवक झुलसा।
5 जुलाई अशोक नगर में कूलर में करंट आने से युवक की मौत।
16 जुलाई खुशहालपुर में स्विच लगाते समय करंट से युवक की मौत।
बारिश के दिनों में रखें ये सावधानी
-नंगे पैर बिजली बोर्ड पर न लगाएं स्विच
-कूलर के कटे तार को टेप लगाकर सही कर दें
-घरों एवं दुकानों की बिजली लाइन के तारों को समय पर ठीक कराते रहें
-बोर्ड के खराब प्लग से स्पार्किंग निकलने पर उसे बदलवा दें