सराफा बाजार चार दिन से बंद है। इससे अब तक कारोबार में करीब 400 करोड़ का नुकसान हुआ है। अभी आगे बाजार खुलेगा या नहीं यह भी तय नहीं हुआ है। क्योंकि कारोबारियों ने साफ कह दिया है कि जब तक दोनों सराफों की हत्या और लूटकांड का खुलासा नहीं होगा वह बाजार नहीं खोलेंगे।
मथुरा की गिनती चांदी की सबसे बड़ी मंडी के रूप में होती है। यहां बनने वाली पायल देश के कई राज्यों में जाती है। यहां से पायल उत्तर प्रदेश के साथ दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, बिहार और मध्यप्रदेश तक जाती है। लेकिन चार दिन से कारोबार ठप होने के कारण सप्लाई रुक गई है।
पायल बनाने वाले कारखाने बंद पड़े हैं। ज्वैलरी के शोरूम खुल नहीं पा रहे हैं। लोगों का कहना है कि दहशत के इस माहौल में काम करना आसान नहीं है। इस कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि हर रोज करीब 100 करोड़ का टर्नओवर होता है। पायल के जो आर्डर दूसरे राज्य या जिलों से आ रहे हैं उन्हें लोग पूरा नहीं कर पा रहे हैं। फिलहाल काम को आगे के लिए टाल दिया गया है।