कालिंदी विहार में अवैध केमिकल गोदाम में मिले रैपर, बोतल आदि
- फोटो : Agra City
आगरा। प्रशासन व कृषि रक्षा विभाग ने शनिवार को कालिंदी विहार में बगैर लाइसेंस के चल रहे कीटनाशक रसायन के चार गोदाम सील किए हैं। रात तक एक गोदाम में मिले रसायनों का ब्योरा संकलित हो सका है। बाकी तीन गोदाम में रखे माल की जांच अभी बाकी है। एक गोदाम में 50 व 200 लीटर क्षमता के 20 ड्रम मिले हैं। साथ ही 100 व 50 एमएल क्षमता की करीब 10 हजार खाली बोतलें मिली हैं। ड्रम से रसायनों को खाली शीशियों में भरकर बेचा जाता था। गोदाम से शीशियों पर सील लगाने की मशीन, मिक्सर मशीन, स्टीकर व पैक्ड केमिकल के पाउच भी बरामद हुए हैं।
जिलाधिकारी प्रभु नारायण सिंह ने तीनों गोदाम में रखे रसायनों की जांच के लिए मजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए हैं। जिला कृषि रक्षा अधिकारी प्रेमवीर सिंह ने बताया कि कालिंदी विहार में 100 फुटा रोड स्थित एसएस एग्रोजेनेटिक्स एंड फर्टिलाइजर्स के गोदाम पर छापा मारा गया। मौके पर नरेंद्र सिंह व देंवेंद्र सिंह मिले। उन्होंने टीम को बताया कि बाहर से ड्रम में रसायन आता है। जिसे खाली शीशियों में भरकर बेचा जाता है। प्रेमवीर सिंह ने बताया कि गोदाम मालिक सुरेश कुमार साहू मौके पर नहीं आए। उनके कर्मियों की निशानदेही पर तीन और गोदाम पकड़े हैं। जिन्हें सील कर दिया है। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तीनों गोदाम की रविवार को जांच होगी। वहां रखे माल का ब्योरा तैयार किया जाएगा।
बिना लाइसेंस के चल रहा था कारोबार
उप निदेशक कृषि रक्षा को गोपनीय शिकायत मिली थी। जिसके बाद संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। जिला कृषि रक्षा अधिकारी के मुताबिक संचालक के पास लाइसेंस नहीं है। बिना लाइसेंस कीटनाशक दवाओं की पैकिंग व बिक्री करना गैर कानूनी है। चारों गोदाम की जांच के बाद सीजेएम कोर्ट में आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दायर किया जाएगा। 20 ड्रम में करीब तीन हजार लीटर रसायन मिला है।