कासगंज जिले में वर्ष 2020 में कोरोना का ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक असर नहीं हुआ। सरकारी आंकड़ों में इस साल कोरोना से जिला में छह मौतें हुई, लेकिन इनमें से एक भी मौत ग्रामीण क्षेत्र में नहीं हुई, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में स्थिति एक दम बदल गई। यह बदलाव पंचायत चुनाव के बाद अधिक हुआ।
मार्च माह से कोरोना की दूसरी लहर शुरू होने के बाद शहरी व कस्बाई क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मिल ही रहे थे, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में एक भी कोरोना संक्रमित नहीं मिल रहा था। 10 अप्रैल के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के मरीजों के निकलने का जो सिलसिला शुरू हुआ तो उसने रुकने का नाम नहीं लिया।
जिले में दूसरी लहर में अब तक 2022 लोग कोराना संक्रमित मिल चुके हैं। जिनमें लगभग 1000 संक्रमित ग्रामीण क्षत्रों में सामने आए हैं। जिला का शायद ही कोई ऐसा गांव बचा हो, जिसमें कोरोना संक्रमित न मिला हो। इसके साथ ही जिला में अब तक कोरोना से जो मौतें हुई हैं, उनमें 36 ग्रामीणों क्षेत्रों में रहते थे।